ब्यूरो, अरविंद कुमार पटेल
जिला समाचार किरण
ललितपुर। रिजर्व पुलिस लाइन्स में पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन एवं अगस्त माह की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की पारिवारिक एवं व्यक्तिगत समस्याएं सुनी गईं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
अपराध समीक्षा गोष्ठी में सर्किल और थाना स्तर पर अपराध, लंबित विवेचनाओं तथा पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने आईजीआरएस और जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के साथ शिकायतकर्ताओं से शत-प्रतिशत फीडबैक लेने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए आमजन को जागरूक करने और साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए अभियान चलाने को कहा गया। यक्ष ऐप और बीट सूचना प्रणाली का प्रभावी उपयोग करते हुए अपराधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और संवेदनशील क्षेत्रों की सूचनाएं नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए।महिला एवं बाल अपराधों पर विशेष निगरानी के साथ मिशन शक्ति, ऑपरेशन मुस्कान और मानव तस्करी, बालश्रम तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो, गैंगस्टर, मादक पदार्थ तस्करी सहित गंभीर अपराधों में मजबूत साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं को निर्धारित 60 और 90 दिन की समयसीमा में पूरा करने तथा ई-साक्ष्य ऐप का अनिवार्य रूप से प्रयोग कर प्रत्येक मामले में साक्ष्य आईडी को उसी दिन एफआईआर से लिंक करने के निर्देश दिए।
अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए गैंगस्टर एक्ट, गुंडा नियंत्रण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई, पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा हिस्ट्रीशीटरों की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए। अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध शस्त्र, जुआ और सट्टे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
चोरी, लूट और छिनैती की घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी पर जोर दिया गया। थाना क्षेत्रों की सीमाओं पर बैरियर लगाकर नियमित सघन चेकिंग करने के भी निर्देश दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात जागरूकता अभियान चलाने और लोगों को हेलमेट के प्रयोग के प्रति जागरूक करने के साथ आई-रैड ऐप पर शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। डायल-112 की सूचनाओं पर त्वरित रिस्पांस और 48 घंटे के भीतर क्लोजर रिपोर्ट का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
ऑपरेशन दृष्टि के तहत प्रमुख चौराहों, बाजारों, बैंकों, पेट्रोल पंप और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा पहले से लगे कैमरों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी, वन विभाग, जीआरपी प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ