मथुरा में आयोजित नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में एटा जनपद के जैथरा विकासखंड क्षेत्र के धुमरी गांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए मध्यप्रदेश की मजबूत टीम को हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ टीम ने लगातार तीसरी बार चैंपियन बनकर अपनी हैट्रिक भी पूरी की।
टूर्नामेंट के दौरान धुमरी (एटा) की टीम ने हर मुकाबले में दमदार खेल दिखाया। खिलाड़ियों की सटीक सर्विस, मजबूत डिफेंस और तेज आक्रमण ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। फाइनल मैच में एक समय टीम दबाव में नजर आ रही थी, लेकिन जुझारू प्रदर्शन के दम पर उन्होंने मुकाबला पलटते हुए जीत हासिल की।
टीम की इस ऐतिहासिक जीत में कोच विनय यादव एवं एस डी पब्लिक स्कूल धुमरी के छात्र आलोक यादव और डा लटूरी सिंह स्कूल धुमरी से असित यादव, रोहित यादव, अंशुल यादव, रितिक यादव, आयुष यादव, देव, ईशांत और देव प्रताप ने अहम भूमिका निभाई। सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और अनुशासन के साथ खेलते हुए टीम को जीत दिलाई।
इस उपलब्धि से न सिर्फ धुमरी गांव बल्कि पूरे एटा जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नेशनल स्तर पर मिली इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी बड़े मंच पर अपना परचम लहरा सकती हैं। टीम धुमरी (एटा) की यह जीत युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

0 Comments