एटा । राजा का रामपुर राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलीगंज-दरियागंज मार्ग पर पहरा पुल के निकट राजपूत ढाबा मोड़ पर लोडेड ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, जनपद कासगंज के कस्बा नदरई निवासी यामीन (30 वर्ष) पुत्र रहीश और नबीशेर (18 वर्ष) पुत्र अलीशेर बाइक पर सवार होकर अलीगंज की तरफ आ रहे थे जैसे ही वे पहरा पुल के पास राजपूत ढाबा मोड़ के निकट पहुंचे तभी दरियागंज की तरफ से आ रहे एक लोडेड ट्रैक्टर से उनकी बाइक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और एंबुलेंस की तत्परता
हादसे की सूचना मिलते ही राजा का रामपुर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से लहूलुहान अवस्था में दोनों युवकों को सीएचसी अलीगंज भिजवाया साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और बाइक को कब्जे में लेकर पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
चिकित्सकों का क्या कहना है?
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल यामीन और नबीशेर को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के दौरान दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी?
राजा का रामपुरथाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है उन्होंने पुष्टि की कि घायल नदरई, कासगंज के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने संरक्षण में ले लिया है और मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

0 Comments