संवादाता अरुन कुमार
अलीगंज (एटा)। मोहर्रम के जुलूस के दौरान शुक्रवार तड़के अलीगंज में एक बड़ा हादसा हो गया। पुरानी तहसील के सामने सुबह करीब 3:25 बजे 11 केवी हाईटेंशन लाइन से ताजिया छू जाने के कारण उसमें भीषण करंट दौड़ गया। हादसे में 19 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए। इस दर्दनाक घटना के बाद जुलूस में अफरा-तफरी मच गई और पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
संतुलन बिगड़ने से हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ताजिया
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला मेवाती इमामबाड़ा से निकला ताजिया अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था। गांधी चौराहे से तहसील चौराहे की ओर बढ़ते समय पुरानी तहसील के सामने ताजिया अचानक एक तरफ झुक गया। संतुलन बिगड़ने के कारण ताजिया ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। लाइन से छूते ही पूरे ताजिए में करंट फैल गया और उसे संभाल रहे युवक इसकी चपेट में आ गए।
मृतक और घायलों की स्थिति
मृतक: सैफ अली (19 वर्ष) पुत्र साकिर (मौके पर ही मौत)
गंभीर घायल: आमिर (22 वर्ष) पुत्र अनवर (प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर)
अन्य घायल: साहिल (20 वर्ष), हसनयन (15 वर्ष) और असनयन (20 वर्ष) (उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी)
प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक सतपाल सिंह राठौर, अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) श्वेताभ पाण्डेय, एसडीएम जगमोहन गुप्ता, सीओ राजेश सिंह और सीओ नीतिश गर्ग सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। एहतियात के तौर पर कस्बे में कई थानों का पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
अधिकारियों के बयान
"मानक से अधिक थी ताजिए की ऊंचाई"
"ताजिए की निर्धारित ऊंचाई लगभग 11 फीट होनी चाहिए, जबकि संबंधित ताजिया करीब 18 से 20 फीट ऊंचा था। जुलूस के दौरान ताजिया एक ओर झुक गया और 11 केवी लाइन से टच हो गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।"
— अतुल कुमार, एसडीओ (अलीगंज विद्युत उपखंड)
"घटना की कराई जा रही है जांच"
"प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ताजिया एक तरफ झुक जाने के कारण हाईटेंशन लाइन से छू गया था, जिससे करंट फैला। हादसे में एक युवक की मौत हुई है और चार घायल हुए हैं। पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराई जा रही है।"


0 Comments