Lakhimpur Kheri : पारिवारिक विवाद में चली गोली, प्रशासन अलर्ट : डीएम-एसपी ने मौके से अस्पताल तक संभाली कमान

घायल अधिवक्ता लखनऊ रेफर, एएलएस एंबुलेंस से कराया रवाना; जांच तेज

संवाददाता मुलायम सिंह

लखीमपुर खीरी, 06 अप्रैल। पारिवारिक विवाद में अधिवक्ता द्वारा अपने ही निकटतम संबंधी को गोली मारने की घटना से सोमवार को जिले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा हरकत में आ गया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल व एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।


इस दौरान एएसपी (पूर्वी) पवन गौतम एवं सीओ सिटी विवेक तिवारी भी मौजूद रहे। डीएम-एसपी ने प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पुलिस टीम को निष्पक्ष व त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारी जिला चिकित्सालय ओयल पहुंचीं, जहां घायल अधिवक्ता का इलाज चल रहा था। डीएम ने चिकित्सकों से उपचार की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान सीएमएस डॉ.आरके कोली ने बताया कि घायल को सीने के निचले हिस्से में गोली लगी है और हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। डीएम-एसपी ने अपनी मौजूदगी में एएलएस एंबुलेंस के जरिए घायल को लखनऊ रवाना कराया और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


Ad
Advertisement
Advertisement

लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश, आरोपी की तलाश में टीमें गठित

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि घटना के प्रत्येक पहलू की गहन जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments