एटा। वीरांगना अबन्तीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, एटा के संबद्ध अस्पताल में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की चिकित्सकीय टीम ने लगभग डेढ़ किलोग्राम वजन के विशाल अंडाशय ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर मरीज को राहत प्रदान की। चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन के दौरान मरीज की बच्चेदानी को सुरक्षित रखा गया।
विभागाध्यक्ष डॉ. साधना सिंह ने बताया कि 29 वर्षीय महिला पिछले करीब एक माह से पेट दर्द और कमजोरी की समस्या से परेशान थी। जांच के दौरान अल्ट्रासाउंड एवं एमआरआई में अंडाशय में करीब 12×10 सेंटीमीटर आकार के बड़े ट्यूमर की पुष्टि हुई। मरीज की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही थी। पूर्व में कुछ स्थानों पर उन्हें बच्चेदानी निकालने की सलाह भी दी गई थी।
मरीज ने मेडिकल कॉलेज एटा के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में परामर्श लिया। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। मरीज और परिजनों की सहमति से चिकित्सकों ने ट्यूमर निकालने तथा अनावश्यक रूप से बच्चेदानी को हटाने से बचने का प्रयास करने का निर्णय लिया।
मंगलवार को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान करीब डेढ़ किलोग्राम का विशाल अंडाशय ट्यूमर निकाला गया। चिकित्सकों के मुताबिक ट्यूमर के एक हिस्से में सड़न शुरू हो चुकी थी और दुर्गंध भी आ रही थी। समय पर ऑपरेशन होने से मरीज को गंभीर संक्रमण सहित संभावित जटिलताओं से बचाने में मदद मिली। ऑपरेशन के दौरान मरीज की बच्चेदानी को सुरक्षित रखा गया।
ऑपरेशन डॉ. साधना सिंह एवं डॉ. पंखुड़ी द्वारा किया गया, जबकि एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. श्रुति एवं डॉ. अश्विनी ने संभाली। पूरी टीम के समन्वित प्रयास से ऑपरेशन सफल रहा।
ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत संतोषजनक बताई गई है। मरीज एवं परिजनों ने सफल उपचार के लिए चिकित्सकों और प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने सफल ऑपरेशन पर चिकित्सकीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज एटा में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने टीम की कार्यकुशलता और समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट सेवाएं देने की अपेक्षा जताई।

0 टिप्पणियाँ