संवाददाता अतीक अहमद
हमीरपुर। जनपद के ग्राम बांधुर बुजुर्ग में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक ट्रक अनियंत्रित होकर 11000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के खंभे से जा टकराया। इस घटना में कई बिजली के खंभे उखड़ गए और लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक कथित रूप से शराब के नशे में था, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सीधे हाईटेंशन लाइन के पोल से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभे क्षतिग्रस्त होकर गिर पड़े।
हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि उस समय लाइन में करंट होता, तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही पंप ऑपरेटर ने तत्काल बिजली विभाग को सूचित किया। सूचना पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन व खंभों का निरीक्षण किया।
वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा ट्रक चालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त करने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके।

0 Comments