एटा में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश वीरेंद्र ढेर, पुलिसकर्मी घायल

 सर्राफा व्यापारी से 50 लाख रुपये से अधिक की लूट का मामला, दूसरा आरोपी फरार; तलाश में जुटीं पुलिस की कई टीमें



एटा। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, तीन दिन पहले सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना में वांछित एक लाख रुपये के इनामी बदमाश वीरेंद्र को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जबकि दूसरा आरोपी फरार होने में कामयाब रहा। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थीं। इसी क्रम में थाना पिलुआ और कोतवाली नगर पुलिस को सुन्ना नहर के पास चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ का सामना करना पड़ा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इनामी बदमाश वीरेंद्र घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को तीन अपाचे बाइक सवार लुटेरों ने सर्राफा व्यापारी को गन पॉइंट पर लेकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश कथित तौर पर 2.50 ग्राम सोना और 10 किलो चांदी सहित करीब 50 लाख रुपये से अधिक का माल लूटकर फरार हो गए थे।

बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में मारा गया आरोपी वीरेंद्र हत्या समेत चार दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल था। वह लूट की घटना से महज चार दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ