मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नीतिगत विसंगतियों पर जताई चिंता, मंत्री ने दिया चर्चा का आश्वासन
लखनऊ। मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजेश त्रिवेदी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले से मुलाकात कर समाचार पत्रों एवं पत्रकारों की समस्याओं से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजेश त्रिवेदी ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा उत्तर प्रदेश राज्य सूचना मुख्यालय की नीतियों में समाचार पत्रों और पत्रकारों से संबंधित विसंगतियों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से समाचार पत्रों के लिए समान नियम बनाए जाते हैं, लेकिन मंत्रालयों और संबंधित विभागों के स्तर पर इनके क्रियान्वयन में विसंगतियां सामने आती हैं। इससे समाचार पत्रों और पत्रकारों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने समाचार पत्रों एवं पत्रकारों के हित में नीतियों की समीक्षा कर विसंगतियों को दूर करने की मांग की। इस पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह समाचार पत्रों और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए सूचना विभाग से चर्चा करेंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजेश त्रिवेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष निहाल सिंह जेम्स, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप त्रिवेदी दीप, उमाकांत बाजपेई, मोहम्मद अकरम अंसारी, भूपेन्द्र मणि त्रिपाठी, देवेश नायक और सुरेंद्र यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता तथा केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि योगेश त्रिपाठी योगी भी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ