एटा (निधौली कलां)। थाना निधौली कला क्षेत्र के ग्राम जौहरपुर में शुक्रवार सुबह एक 16 वर्षीय किशोर का शव सरसों के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था तथा गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोर का घर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि वारदात रात के समय अंजाम दी गई। पुलिस को मौके से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, हालांकि घावों को देखते हुए धारदार हथियार से हमला किए जाने की संभावना जताई गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसएसपी एटा ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संभावित संदिग्धों की तलाश में जुटी है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

0 Comments