ब्यूरो, अरविन्द कुमार पटेल।
ललितपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत जनपद के राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। आयुक्त खाद्य तथा रसद विभाग, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार, माह फरवरी 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न का वितरण 8 फरवरी से शुरू हो चुका है, जो 26 फरवरी तक जारी रहेगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि इस अवधि में जनपद के सभी अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्डधारकों को मिलने वाला लाभ
जिला पूर्ति अधिकारी उमेश चन्द्र मिश्र ने जानकारी दी कि वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ई-पॉस मशीनों का प्रयोग किया जा रहा है। वितरण का विवरण निम्नवत है:
अन्त्योदय कार्डधारक- प्रत्येक कार्ड पर कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न (14 किग्रा गेहूँ एवं 21 किग्रा चावल) निःशुल्क दिया जाएगा।
पात्र गृहस्थी कार्डधारक: प्रति यूनिट 5 किलोग्राम खाद्यान्न (2 किग्रा गेहूँ एवं 3 किग्रा फोर्टिफाइड चावल) का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
OTP से वितरण की सुविधा
प्रशासन ने उन उपभोक्ताओं का भी ध्यान रखा है जिनका आधार प्रमाणीकरण (Fingerprint) तकनीकी कारणों से सफल नहीं हो पाता है। ऐसे उपभोक्ता 26 फरवरी 2026 को अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के समस्त कार्डधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी नजदीकी उचित दर दुकान पर पहुँचकर आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से अपना राशन प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
0 Comments