एटा। जनपद में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 19 अप्रैल 2026 को सभी थानों में एक साथ सफाई अभियान संचालित किया गया।
अभियान के अंतर्गत क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर, कार्यालय कक्ष, बैरक, शौचालय तथा आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। इस दौरान जमा कूड़ा-करकट एवं कबाड़ को हटाकर परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया गया।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए गए कि थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्वच्छ वातावरण न केवल कर्मचारियों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि आमजन पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है। इसी उद्देश्य से जनपद एटा पुलिस लगातार स्वच्छता अभियान चला रही है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि स्वच्छता का संदेश समाज तक पहुंचे और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा बनाए रखने की प्रेरणा मिल सके।

0 Comments