रिपोर्ट मोहम्मद आसिफ
एटा: अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद जनपद एटा की एक महत्वपूर्ण बैठक शहर स्थित आशू स्वीट्स रेस्टोरेंट में आयोजित की गई, जिसमें आगामी भामाशाह जयंती को लेकर व्यापक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में मांग उठाई कि दानवीर भामाशाह की भव्य प्रतिमा स्थापित कर जनप्रतिनिधि समाज की भावनाओं का सम्मान करें। साथ ही वक्ताओं ने वर्षों से केवल आश्वासन मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार वादे कर समाज को गुमराह करना उचित नहीं है।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ संरक्षक राजेश चंद्र जैन ‘कवि’ ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ संरक्षक मंडल के सदस्यों द्वारा महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मंच पर वरिष्ठ अधिवक्ता सुन्नेश जैन, राकेश गुप्ता, राजेश गुप्ता ‘राजू चाचा’, पूर्व प्रबंधक राकेश गुप्ता एवं डॉ. आशुतोष गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता मौजूद रहे। उन्होंने संगठन की कार्यशैली और समाज के बीच बढ़ते जनसंपर्क की सराहना करते हुए कहा कि वैश्य समाज को एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना चाहिए, ताकि समाज के पीड़ित, शोषित और उपेक्षित वर्ग की आवाज को मजबूती के साथ उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत होती है और संगठन हर परिस्थिति में समाज के साथ खड़ा रहेगा।
जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने भीषण गर्मी के बावजूद बैठक में पहुंचे सभी पदाधिकारियों, समाजसेवियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन निजी स्वार्थों से ऊपर उठकर समाजहित में कार्य कर रहा है और वैश्य समाज के शोषण, उत्पीड़न एवं उपेक्षा के विरुद्ध संघर्ष के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।
जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुज जैन एवं जिला कोषाध्यक्ष जितेंद्र माहेश्वरी ने संयुक्त रूप से कहा कि आगामी भामाशाह जयंती पर हर हाल में वैश्य शिरोमणि दानवीर भामाशाह की प्रतिमा स्थापित कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से समाज को आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे समाज की भावनाएं लगातार आहत हो रही हैं।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि दानवीर भामाशाह केवल एक उदार दानी ही नहीं, बल्कि त्याग, राष्ट्रभक्ति, समाज सेवा और समर्पण के प्रतीक थे। जिला संरक्षक सुन्नेश जैन एडवोकेट ने भामाशाह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वैश्य समाज ने हमेशा देश और समाज के हित में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा आवश्यकता पड़ने पर संघर्ष और बलिदान से पीछे नहीं हटने का कार्य किया है।
बैठक को वीरेंद्र अग्रवाल ‘टिल्लू’, गणेश वार्ष्णेय, अवधेश गुप्ता एडवोकेट, विशाल गोयल, जितेंद्र गुप्ता डीपीएस, आनंद गुप्ता एवं प्रमोद गुप्ता ‘पम्मू’ सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी, संगठन के विभिन्न जिलास्तरीय पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में वैश्य समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन मंत्री जितेंद्र गुप्ता डीपीएस द्वारा किया गया। बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि आगामी भामाशाह जयंती के अवसर पर समाज की विभिन्न मांगों को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही समाज की एकजुटता और सम्मान के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा।

0 Comments