बोले- बहन-बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य का लें संकल्प
जिला समाचार किरण,
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने रक्षाबंधन पर्व पर जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का पर्व है। यह पर्व हमें बहन-बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देता है।
डीएम ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में आर्थिक एवं शैक्षिक चुनौतियों के कारण कई परिवारों में बेटियों की शिक्षा प्रभावित होती है। वहीं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियां भी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य में बाधा बनती हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर समाज को बाल विवाह रोकने और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। हमारा सामूहिक दायित्व है कि इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बेटी तक पहुंचाया जाए और किसी भी बेटी को आर्थिक कठिनाई, सामाजिक दबाव अथवा बाल विवाह के कारण शिक्षा से वंचित न होना पड़े।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि इस रक्षाबंधन पर बाल विवाह रोकने, बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा उनके सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि बेटियां शिक्षित, सुरक्षित और स्वावलंबी होंगी तो परिवार सशक्त होगा और समाज विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा।
डीएम ने कामना की कि रक्षाबंधन का पावन पर्व जनपद के प्रत्येक परिवार में प्रेम, विश्वास, सौहार्द और समरसता का प्रकाश फैलाए तथा बहन-बेटियों के जीवन में खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य का संदेश लेकर आए। उन्होंने जनपद के समस्त भाई-बहनों एवं नागरिकों को रक्षाबंधन पर्व की मंगलमय शुभकामनाएं दीं।
0 टिप्पणियाँ